कसया थाना क्षेत्र की एक किशोरी का अपहरण और उसे हेतिमपुर छोड़कर भागने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को रामकोला मोड़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं किशोरी को अपने साथ ले जाने वाला आरोपी पहले से ही जेल में है।
पुलिस के मुताबिक थानाक्षेत्र के एक गांव की कक्षा आठ में पढ़ने वाली इस किशोरी को गांव का ही भोला नाम का एक युवक बहला फुसलाकर 21 फरवरी की शाम को अपने साथ कानपुर ले गया था। वहां वह किराए के एक मकान में किशोरी के साथ रह रहा था।
बाद में भोला आरोपी उस किशोरी को कानपुर में ही छोड़कर घर चला आया। वहीं किशोरी के पिता ने इस मामले में दो लोगों को खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोप है कि इसी बीच भोला का दूसरा साथी सुग्रीव पटेल कानपुर पहुंचा। उसने किशोरी को भोला से मिलाने का आश्वासन देकर अपने साथ शनिवार को हेतिमपुर लाया और छोड़ कर भाग गया।
कस्बे में स्थित रामकोला तिराहे से किसी का इंतजार करते समय सुग्रीव पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ अपहरण सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
एसओ ओपी राय ने बताया आठवीं की छात्रा को अपहरण करने के मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि दूसरे आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एक अन्य मामले में भी अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।