पडरौना। जटहां बाजार प्रतिनिधि के अनुसार थानाक्षेत्र के चिरगोड़ा गांव में घूरे से छिटकी चिनगारी से सोमवार को दोपहर में लगभग 12 बजे आठ घर जल गए। आग की लपटाें में घिरी मुनीम की तीन वर्ष की बेटी अंशिका की जलने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि लालधारी के घर के पीछे घूरा रखा गया था। तेज हवा के कारण घूरे से चिनगारी उड़ने लगी। आग ने सबसे पहले लालधारी की झोपड़ी को चपेट में लिया और देखते ही देखते लालजी, इंद्रदेव, जग्गीलाल, जैसराज, कृष्ण मोहन, नंदलाल और कन्हैया के घर भी धूधू करके जलने लगे। गांव के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
आग में दो बकरियां भी जल मरीं। इस घटना के बाद अंशिका की मां रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। मौके पर पहुंचे एसआई जितेंद्र राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के लोगों ने क्षति का आंकलन किए। राजस्वकर्मियों ने इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने की बात कही।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार हनुमानगंज थानाक्षेत्र के पथलहवां गांव में दोपहर के समय खाना बनाते समय आग लगने से 13 लोगों के घर जल गए। इसी बीच घर में बांधे गए मवेशियाें की रस्सी खोलते समय फूलवंती झुलस गईं। दो मवेशी भी आग की चपेट में आने से झुलस गए। बताया जा रहा है कि दोपहर तकरीबन एक बजे क्यामुद्दीन के घर में खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया गया था, तभी तेज हवा चलने से आग ने उनके घर को अपनी जद में ले लिया। उस समय घर में तीन बच्चे ही थे। बच्चों ने भागकर किसी तरह जान बचाई।
इस घटना में हरिलाल, रामलाल, सुखल, शंभू, राजेश, मिंटू, पिंटू, मुजम्मिल, हसमुद्दीन, अशोक, दिनेश, चंद्रभान आदि के घर जल गए। घरों में रखी संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। एसओ हनुमानगंज श्रीप्रकाश यादव ने अपने मातहतों के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। बाद में अग्निशमन दस्ता भी पहुंचा।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार थानाक्षेत्र के पगार मिश्रौली गांव में सुबह खाना बनाते समय आग लगने से फूस के छह घर जल गए। गांव के लोगाें का कहना था कि ध्रुव के घर खाना बनाते समय आग लगी और एक एक कर रोगी, महेंद्र, बिकाऊ, रिखमन, सुभाष के घराें को जला दिया। रोगी की दो बकरियां और ध्रुव की एक भैंस जल गई।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार बरवापट्टी थानाक्षेत्र के रामपुर बरहन गांव के दरोगाडीह टोले में सोमवार को लगभग दस बजे आग लग गई। बताया जा रहा है कि बाबूलाल के घर की महिला खाना बना रही थी, तभी चिनगारी टाट पर गिर गई, जिससे आग लग गई।
लेकिन गांव के लोगों की सूझबूझ से आग पर जल्दी ही काबू पा लिया गया। सेवरही प्रतिनिधि के अनुसार रविवार की रात कस्बे के पटेलनगर मोहल्ले में खाना बनाते समय आग लगने से रामचंद्र प्रजापति का घर जल गया। इस घटना में घर के सामानाें सहित नकदी जलने की भी सूचना है।