हाटा। बुधवार की दोपहर में हाटा कोतवाली के गांव पैकौली लाला में जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के द्वारिका चौरसिया का पूरा परिवार गोरखपुर में रहता है। दीपावली के अवसर पर परिवार के लोग गांव आए हुए थे। बुधवार को उनका 12 वर्षीय पुत्र बिट्टू गांव के बगल में हो रहे खेत की जुताई दौरान ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। जुताई के दौरान अचानक नीचे गिरकर रोटावेटर की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद ट्रैक्टर चालक को आभास हुआ कि बिट्टू ट्रैक्टर पर नहीं है तब उसने गाड़ी रोकी। बिट्टू का शरीर रोटावेटर में बुरी तरह से फंसा हुआ था। यह देख कर चालक ट्रैक्टर लेकर वहां से भागा और एक सरकारी स्कूल के परिसर में गाड़ी खड़ा कर फरार हो गया। इसकी जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। किसी ने 100 नंबर के जरिए पुलिस को सूचना दी। करीब दो घंटे की देरी से पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर को भी थाने भेज दिया गया।