पोस्टमार्टम के बाद दो युवकों का शव गांव पहुंचा तो मचा कोहराम
पटहेरवा। हादसे के शिकार दो युवकों का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को मोगलपुरा गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। दोनों घरों के परिजनों का करूण कंद्रन सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर्र आइं। गांव के लोगों ने बताया कि हाईवे पर डूमरभार के पास हुए हादसे में एक ही बाइक पर सवार राधेश्याम की सोमवार की रात स्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि बेचू सिंह उर्फ शत्रुघ्न सिंह की गोरखपुर ले जाते दौरान रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा घायल शं्कर यादव का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतक राधेश्याम प्रसाद परिवार के मुखिया थे और मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। पति की मौत से पत्नी कैलाशी देवी व तीन पुत्र किशन (16), श्यामसुंदर (14) व रामेश्वर (10) का रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि मृतक बेचू सिंह की मां रजनी देवी व दो पुत्र विकास (18) व विशाल (14) और पत्नी गमगीन थीं। प्रधान प्रतिनिधि केदार सिंह ने पीड़ित परिजनों को मदद का आश्वासन दिया। गांव के पारस सिंह, पूर्व प्रधान डॉ.अब्बास, गुलाब हुसैन, राजीमुल्लाह अंसारी, विभूति गुप्ता आदि ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।