कुशीनगर। तरयासुजान थाने की पुलिस ने अहिरौलीदान में एक टेंपो से 40 पेटी देशी शराब बरामद किया है। इसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस टेंपो चालक को नहीं पकड़ पाई। इस मामले में शराब के तस्कर और टेंपो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात टेंपो से एक व्यक्ति शराब ले जा रहा था। अहिरौलीदान में वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने उसका टेंपो बरामद कर लिया, जिसमें 40 पेटी देसी शराब रखी हुई थी। पेटी में 1800 शीशी शराब थी। पुलिस ने इस मामले में शराब तस्करी के आरोपी नागेंद्र सिंह निवासी अहिरौलीदान थाना तरयासुजान और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में एसपी स्पेशल टीम के प्रभारी एके सिंह, एसओ तरयासुजान सत्येंद्र कुंवर, एसआई रवींद्र यादव, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और अजय तिवारी शामिल थे।