पटहेरवा पुलिस ने फाजिलनगर के पास तीन पशुतस्करों को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
फाजिलनगर। रविवार सुबह ट्रक से ले जाए जा रहे 22 पशुओं को पुलिस ने मुक्त कराया है। ट्रक के साथ तीन तस्कर भी पकड़े गए हैं। पुलिस का कहना है कि रुकने का इशारा करने पर पुलिस कर्मियों को ट्रक चालक ने कुचलने का प्रयास किया था। मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया।
पटहेरवा एसओ संजय कुमार मिश्र ने बताया कि फाजिलनगर चौकी प्रभारी राजीव सिंह, हेड कांस्टेबल हीरालाल गुप्ता, श्रीप्रकाश गौतम, अरविंद यादव आदि पुलिस चौकी के निकट वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच आ रहे ट्रक को पुलिसकर्मियों ने रोकना चाहा। ट्रक चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को ओवरटेक कर पकड़ लिया।
ट्रक की तलाशी में उसमें 22 गोवंशीय पशु मिले। एक गाय मर चुकी थी। ट्रक में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे आजमगढ़ से पशुओं को वध के लिए सीवान ले जा रहे थे।
पकड़े गए पशु तस्कर नियामत अली व अकबर अली पुत्र भिखारी निवासी जंगल बेली थाना पीपीगंज गोरखपुर तथा धर्मदेव पुत्र पूर्णमासी निवासी थाना बिल्लरियागंज आजमगढ़ अपना पता बताया। नियामत अली के पास कट्टा कारतूस भी मिला। इन तस्करों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।