पिपरा बाजार। पडरौना कोतवाली के सुसवलिया गांव में बुधवार को हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। हादसे से नाराज लोगों ने लगभग एक घंटा तक पडरौना-रामकोला मार्ग को जाम रखा। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
सुसवलिया गांव के कृष्णा तिवारी (32) और रामप्रवेश (28) बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे गांव में ही चौराहे पर सजा दुर्गा पूजा का पंडाल देखने गए थे। दोनों लोग सड़क के किनारे पैदल ही जा रहे थे। उसी दौरान अचानक पडरौना से रामकोला की ओर जा रहे चार पहिया वाहन ने पीछे से उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति काफी तेज थी। मौके पर जुटे लोगों ने कृष्णा तिवारी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल रामप्रवेश का स्थानीय स्तर पर इलाज करने के बाद चिकित्सक ने घर ले जाने की सलाह दी। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग लंबे अर्से से की चल रही है, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। सूचना के बाद एसडीएम गुलाब चंद और कोतवाली प्रभारी विजय राज सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीएम गुलाब चंद ने लोगों की बात सुनी और पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों ने जाम समाप्त किया।