हाटा। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की भोर में हाइवे पर पशुओं से लदा पिकअप पकड़ा। इस दौरान चालक व तस्कर भाग निकले। पुलिस की जांच में पिकअप पर लगा नंबर प्लेट फर्जी निकला।
भोर में गश्त के दौरान भड़कुलवा चौराहा के पास पशुओं से लदा पिकअप जाता देख पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोकने का इशारा किया। गाड़ी रुकने के बजाय और तेजी से भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो गाड़ी को सड़क किनारे छोड़ कर चालक भाग गया। पुलिस ने गाड़ी फाटक खोला तो उसमें छह पशुओं को उनके पैर बांध कर लादा गया था।
पुलिस ने पशुओं को नीचे उतरवाया। जांच में गाड़ी का नंबर प्लेट फर्जी निकला। पुलिस अज्ञात तस्करों के खिलाफ गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। मवेशियों को गो पालकों के संरक्षण में दे दिया गया है।