पडरौना। नगर के आवास विकास कालोनी के एक घर में बृहस्पतिवार की दोपहर में इन्वर्टर की बैट्री में डिस्टिल वाटर डालते वक्त बैट्री फट गई। इसके चलते एक डिस्टिल वॉटर डाल रहा गंभीर रुप से झुलस गया। आनन-फानन में परिवार के लोग उसे एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाने की सलाह दी। हादसे के वक्त उसी कमरे में मौजूद पत्नी व बच्चे भी मौजूद थे। संयोग ही था कि वह सुरक्षित बच गए।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव पिपरा सुजान निवासी सत्येंद्र कुमार द्विवेदी (40) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पडरौना के आवास विकास कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। बृहस्पतिवार को दिन के तकरीबन साढ़े 12 बजे वह अपने कमरे में लगे इन्वर्टर की बैट्री पानी डाल रहे थे। तभी जोरदार धमाके के साथ बैट्री फट गई और वह बुरी तरह झुलस गए।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दौड़ पड़े। जिस कमरे में बैट्री फटी उसी में सत्येंद्र की पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे। संयोग अच्छा था कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। लेकिन सामने घटना होते देख पत्नी व बच्चे सहम गए थे। आनन-फानन में सत्येंद्र को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर भेज दिया गया।
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार बैट्री फटने से सत्येंद्र के झुलसने की खबर पाकर परिवार के लोगों के साथ गांव के प्रधान व अन्य तमाम लोग भी पडरौना आ गए। ये लोग सत्येंद्र को इलाज के लिए गोरखपुर लेकर गए हैं।