क्षेत्र के नैका छपरा गांव में वृद्धा की हत्या का मामला
- फोटो : अमर उजाला
कसया/टेकुआटार। क्षेत्र के नैका छपरा गांव में वृद्धा की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को दामाद समेत अन्य पर केस दर्ज कर लिया। पीड़ित पति की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नैका छपरा निवासी जवाहर सिंह के गन्ने के खेत में रविवार की देर शाम 65 वर्षीय हसीमुन्निशा पत्नी गरीब मियां की लाश मिली थी। पति गरीब मियां ने अपने दामाद पटहेरवा क्षेत्र के गांव करमहां निवासी नबी हसन व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। गरीब मियां का आरोप है कि उसने अपनी बेटी सामसुन की शादी पटहेरवा के करमहां गांव निवासी नबी हसन से किया था। शादी के बाद बेटी सामसुन की मौत हो गई। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में मामला मामला चल रहा है। उसी वजह से पत्नी की हत्या करने का आरोप दामाद पर लगाया है। जबकि वृद्घा की दूसरी बेटी जैनब ने बताया कि मां शाम को लगभग तीन बजे नित्यक्रिया के लिए घर के पीछे गन्ने के खेत की तरफ गई थी। दो घंटे बाद करीब पांच बजे तक घर वापस नहीं आई तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। काफी देर बाद शाम को करीब साढ़े सात बजे घर के ही पीछे करीब 200 मीटर की दूरी पर जवाहर सिंह के गन्ने के खेत में उसका शव मिला। शव को घर लाने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ, एसएचओ फोर्स के साथ गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जैनब ने यह भी बताया कि मां का इलाज गोरखपुर से चल रहा था वह बीमार चल रही थी। सीओ रामदास प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चल पाएगा। इंस्पेक्टर अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि वृद्घा ने अपनी बेटी की मौत के बाद उसकी पुत्रियों की परवरिश के लिए दामाद पर खर्चा का मुकदमा दायर किया था। उसी से दामाद नाराज चल रहा था। मुकदमा अंतिम चरण में था। उसी की वजह से दामाद पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़ित पति की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दामाद पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।