समउर बाजार। बाइक सवार उचक्के ने बृहस्पतिवार की दोपहर में एक महिला से 35 हजार रुपये और आभूषण छीन लिया। विरोध करने पर महिला की पिटाई कर युवक भाग निकला। पीड़ित महिला ने 100 नंबर पर डायल किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो एसपी को घटना की जानकारी दी।
पटहेरवा थानाक्षेत्र के भरपटिया गांव निवासी राजेश कुशवाहा विदेश में नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर में बाइक सवार एक युवक राजेश का दोस्त बनकर उनके घर पहुंचा। युवक ने राजेश की पत्नी अनारी देवी को बताया कि उनके लिए विदेश से कुछ महंगे इलेक्ट्रानिक उपकरण और गहने आए हैं, जिन्हें छुड़ाने के लिए 60 हजार रुपये की जरूरत है।
युवक ने महिला को यह बात गोपनीय रखने की सलाह दी। इस युवक के झांसे में आई अनारी देवी 35 हजार रुपये और चार आभूषण लेकर उसकी बाइक से फाजिलनगर के लिए चल दीं। अनारी देवी के अनुसार बगही कुट्टी के पास स्थित शराब की दुकान के सामने युवक ने गाड़ी रोकी तो कुछ संदेह हुआ। उसने अपने पति को फोन मिलाया, तब तक युवक ने झपटकर मोबाइल, रुपया और आभूषण छीन लिया।
अचानक हुई घटना से अवाक महिला ने विरोध किया तो युवक ने उसे धक्का दे दिया और बाइक से भाग निकला। कुछ दूर आगे जाकर उसने मोबाइल फेंक दिया। घटना की सूचना तथा त्वरित कार्रवाई के लिए पीड़ित महिला ने 100 नंबर पर डॉयल की, लेकिन कई बार प्रयास के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद महिला ने एसपी के मोबाइल पर फोन कर घटना की जानकारी दी।
कुछ ही देर में वहां पटहेरवा पुलिस पहुंची और वारदात के संबंध में जानकारी लेकर छानबीन में जुट गई। इस संबंध में एसओ जितेंद्र यादव का कहना है कि घटना की तहकीकात की जा रही है।