पटहेरवा। समउर बाजार में बीते रविवार की रात और सोमवार को दिन में लगे डोल मेला के दौरान आर्केस्ट्रा पार्टियों की तरफ से अश्लील गाना बजाने व नृत्य कराने के आरोप में दो अखाड़ा समितियों के 32 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा समउर पुलिस चौकी के इंचार्ज की तरफ से दर्ज कराया गया है।
डोल मेला समेत ऐसे अन्य धार्मिक आयोजनों में आर्केस्ट्रा पार्टियों के नृत्य व अश्लील गाने पर पूर्ण पाबंदी है। आरोप है कि समउर बाजार में लगे डोल मेला में आर्केस्ट्रा पार्टियों की तरफ से नृत्य व अश्लील गाने बजाए गए।
बिना अनुमति लिए ही इन कार्यक्रमों का संचालन कराने पर समउर चौकी इंचार्ज रामचंद्र सिंह ने पटहेरवा थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। इस संबंध में एसओ भीम यादव ने बताया कि सभी अखाड़ों को पहले ही सख्त हिदायत दी गयी थी कि इस तरह के कार्यक्रमों से परहेज करें, लेकिन आरोपियों ने प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन किया। इसके चलते चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।