बैंक परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा की ली जानकारी
ग्राहकों को उचक्कों से सावधान रहने की सलाह दी
पडरौना। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को नगर में अभियान चलाकर विभिन्न बैंकों का निरीक्षण किया। इसमें बैंकों में लगे सायरन सहित सुरक्षा संबंधी अन्य इंतजाम की जानकारी ली। साथ ही बैंक में आए ग्राहकों को उचक्कों से सावधान रहने की सलाह दी।
शहर में एसबीआई, पीएनबी, पूर्वांचल बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद समेत अन्य बैंक संचालित होते हैं। इन बैंकों के आस-पास आए दिन बाइक चोरी, छिनैती आदि की घटनाएं होती हैं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए एसपी राजीव नारायण मिश्र ने पुलिस के जवानों को बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को सिटी इंचार्ज सुरेंद्र बहादुर सिंह की अगुवाई में विकास यादव, हिमांशु सिंह और विजय सिंह दोपहर बाद पूर्वांचल बैंक की दरबार रोड शाखा पहुंचे। वहां बैंक मैनेजर मनोज कुमार श्रीवास्तव से बैंक के सायरन, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा और सुरक्षा गार्ड के साथ ही मौजूद बैंक ग्राहकों से पूछताछ कर जरूरी नसीहतें दी। इसके बाद बैंक के बाहर खड़े वाहनों के कागजात आदि की जांच की। इसी तरह शहर के विभिन्न बैंकों और एटीएम का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा की जांच कर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिया।