हादसे में क्ष्ातिग्रस्त कार।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
हाटा (कुशीनगर)। सोमवार की रात हाटा कस्बे में आई एक बारात से वापस लौट रहे बारातियों की कार हाटा-गौरीबाजार मार्ग पर मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का गोरखपुर में इलाज चल रहा है। देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के गांव हौली बलिया से सोमवार को हाटा कस्बे के गांधी नगर मुहल्ले में बारात आई थी। बारात में शामिल हौली बलिया गांव निवासी 35 वर्षीय दिनेश जायसवाल आधी रात को अपनी कार से गांव के मनोज सिंह, मनीष जायसवाल और हरेंद्र के साथ वापस घर लौट रहे थे।
कार सवार ये लोग हाटा-गौरी बाजार मार्ग पर मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव के पास पहुंचे थे कि अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। उस वक्त किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई। मंगलवार की भोर में गांव के लोग सड़क की तरफ टहलने निकले तो क्षतिग्रस्त कार को देखकर नजदीक पहुंचे। गाड़ी में सवार चार में से दो लोगों की मौत हो चुकी थी और दो लोग गंभीर रूप से घायल थे।
लोगों ने हाटा कोतवाली पुलिस को सूचना दी तो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों मनीष और हरेंद्र को हाटा सीएचसी भेजा गया। सीएचसी के डॉक्टर ने हालत नाजुक बताते हुए दोनों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इसके अलावा मृत दिनेश जायसवाल और मनोज सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे की खबर पाकर घर वाले भी हाटा पहुंच गए थे।