कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठाड़ीभार की मुसहर बस्ती की महिलाओं ने शनिवार को थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इन महिलाओं ने गांव में कच्ची शराब का धंधा बंद कराए जाने की मांग की।
ठाड़ीभार के मुसहर बस्ती निवासी शिवपूजन की अगुवाई में पासपति देवी, दुलारी, शुुकवारी, संवारी देवी, फूलमती देवी, रजली देवी, सुगांती, किशनावती देवी, प्रभावती देवी, फूलपति देवी, सहोदरी देवी, रुगदी देवी, सुभावती देवी, मालती देवी सहित कई महिलाएं विशुनपुरा थाने पहुंचीं। इन महिलाओं ने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि पुलिस संरक्षण में उनके गांव में कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है। जिसका असर गांव के गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। कच्ची शराब पीने से लोग बीमार पड़ जा रहे हैं। इतना ही नहीं, कच्ची शराब पीकर शोर शराबा करने वालों से भी परेशानी हो रही है।
इन लोगों ने थाने में मौजूद प्रभारी सीओ धीरेंद्रजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर कच्ची शराब की बिक्र्री बंद कराने की मांग की। सीओ ने कच्ची शराब के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया।