पडरौना (कुशीनगर)। बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद एसपी यमुना प्रसाद की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बसहिया गांव में छापा मारा। अचानक पुलिस फोर्स पहुंचने के बाद मांस बेचने वालों में हड़कंप मच गया। साढ़े नौ घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां से करीब 20 क्विंटल मांस, 500 से अधिक पशुओं की खाल और लगभग सात ट्राली हड्डियां बरामद कीं। वहां से 12 गोवंशीय पशु मिले हैं। पुलिस नौ लोगों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई अब तक की बसहिया गांव में अब तक की कार्रवाइयों में सबसे बड़ी है।
पशुओं के मांस की बिक्री को लेकर चर्चा में रहने वाले बसहिया गांव में बड़े जानवरों का मांस बेचे जाने की शिकायतों पर पुलिस ने मंगलवार सुबह छापा मारा। एसपी के साथ एएसपी हरि गोविंद, सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह, पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजयराज सिंह, जिले की स्वॉट टीम, महिला थाना सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। इतनी अधिक संख्या में पुलिस फोर्स देखकर गांव में मांस बेचने वालों में हड़कंप मच गया। वे इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने वहां संचालित हो रहे कई अवैध स्लाटर हाउसों को तोड़ दिया। एसपी के साथ पुलिस फोर्स काफी देर तक वहां रही और हर स्थान की गहराई से जांच की।
कोतवाल विजयराज सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में 20 क्विंटल मांस, 500 से अधिक जानवरों की खाल, लगभग सात ट्राली हड्डियां, जानवरों को काटने में प्रयुक्त होने वाले औजार, तराजू, कड़ाही आदि को जब्त किया गया है। वहां से 12 गोवंशीय पशु जिंदा मिले हैं।
सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशन में सुबह सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक यह कार्रवाई चली। इसमें पुलिस विभाग की क्यूआरटी वैन, दो प्लाटून पीएसी, स्वॉट टीम सहित पडरौना कोतवाली, कुबेरस्थान, महिला थाना, रामकोला, कप्तानगंज, हाटा और विशुनपुरा थाने की पुलिस फोर्स शामिल थी। नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बसहिया में स्लाटर हाउस अवैध रूप से संचालित होने की शिकायत कई बार मिलचुकी थी। इसलिए मंगलवार को वहां छापा मारा गया। पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। मांस, खाल व हड्डी की जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया गया है।