हाटा। शनिवार की भोर में हाटा कोतवाली की पुलिस ने बंद कंटेनर (बड़े ट्रक) से 24 पशुओं को मुक्त कराया। पुलिस ने एक पशु तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। उसने पुलिस को बताया कि इन पशुओं को वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा था।
सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि थरुआडीह गांव के सामने इस ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने ट्रक रोकने की बजाय पुलिस टीम को रौंदने की कोशिश की और गाड़ी की गति बढ़ा दी। पुलिस ने उसका पीछा किया और पकड़कर ट्रक की चेकिंग की तो उसमें 24 पशु लदे थे। उन्हें ट्रक से उतारा गया। ट्रक के साथ एक तस्कर भी पकड़ा गया है।
उसने अपना नाम मयंक चौधरी निवासी फिरोजाबाद बताया। उसके पास तमचा-कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
उसे पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाल गजेंद्र राय, कस्बा चौकी इंचार्ज महेंद्र चतुर्वेदी, सुकरौली चौकी इंचार्ज निरंजन राय, कांस्टेबल अंकित चौधरी, अंकुर, गोबिंद यादव, विजय कुमार, शोएब अख्तर, इजहार आदि शामिल थे।