शव मिलने के बाद जांच करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार के पास हाईवे पर स्थित ओवर ब्रिज से 50 मीटर आगे शनिवार तड़के टुकड़ों में बिखरा शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टुकड़ों में बंटे शव को बड़ी मशक्कत के बाद इकट्ठा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क पर खून के छींटे नहीं होने से आशंका जताई जा रही है कि कहीं और हत्या कर शव के टुकड़े लाकर फेंक दिया गया है।
लोगों ने बताया कि 50 वर्षीय व्यक्ति को भोर में किसी वाहन ने रौंद दिया। उसके बाद शव से होकर कई वाहन गुजर गए। इससे शव के चीथडे़ उड़ गए। टुकड़ों में बंटे शव को देख कर वहां से गुजरने वाले लोगों का रूह कांप उठा। सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग की टीम ने मधुरिया पुलिस चौकी को सूचित किया।
चौकी प्रभारी रमेश सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि व्यक्ति काले रंग का जैकेट पहने था। शव टुकड़ों में मिला है और परिस्थितियां बता रही हैं कि शव किसी पुरुष का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह का पता चल जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिला
गौरी श्रीराम। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गगलवां गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर एक 20 वर्षीय युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव कई टुुकड़ों में बंटा हुआ था। देर शाम तक युवती के शव की शिनाख्त नहीं की जा सकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की सुबह शौच करने गए लोगों ने रेलवे ट्रैक पर कई टुकड़ों में कटा शव देखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। विशुनपुरा एसओ अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। मौके से युवती के चप्पल और दुपट्टा बरोमद हो सका। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने स्टेशन अधीक्षक से मेमो लेने के बाद पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।