हाटा। कोतवाली क्षेत्र के सरोजनी नगर वार्ड के रहने वाला एक व्यक्ति समेत दो लोग पिछले ढाई माह से सऊदी अरब की जेल में हैं। बताया जा रहा है कि अपने साले के लिए ब्रेन ट्यूमर की दवा लेकर जा रहे बहनोई व साले को सऊदी अरब की पुलिस ने एयरपोर्ट पर ही यह कहते हुए गिरफ्तार कर लिया कि दवा प्रतिबंधित है। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई, तो वे लोग परेशान हो गए। सांसद से परिजनों ने मुलाकात कर सऊदी अरब में बंद लोगों के वतन वापसी की मांग की है।
हाटा नगर पालिका क्षेत्र के सरोजनीनगर वार्ड के रहने वाले इस्लाम को ब्रेन ट्यूमर हो गया था। उन्होंने उसका ऑपरेशन कराया और नियमित दवाओं के सेवन से वह ठीक हो गए। इसी दौरान उनका सऊदी अरब से वीजा आ गया और वह चले गए। दवा खत्म हो गई तो उन्होंने अपने बहनोई चौरीचौरा थाना क्षेत्र के जान मोहम्मद से दवा भेजने को कहा।
पिछले 18 दिसंबर को जान मोहम्मद दवा लेकर सऊदी अरब पहुंचे तो वहां की पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ में जान मोहम्मद ने बताया कि यह दवा उनके बहनोई के लिए है और उन्हें ब्रेन ट्यूमर है। इसके बाद पुलिस ने इस्लाम और जान मोहम्मद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का कहना है कि दवा को प्रतिबंधित बताकर वहां के अधिकारियों ने उन्हें जेल में डाल दिया है।
हालांकि डॉक्टर की लिखी हुई पर्ची और दवा के बारे में पूरी जानकारी भी सऊदी अरब भेज दी गई है, लेकिन अब तक दोनों लोग रिहा नहीं हो सके हैं। इस्लाम के भाई ईशु ने सांसद राजेश पांडेय से मुलाकात कर विदेश मंत्रालय के माध्यम से दोनों लोगों की वतन वापसी कराने की मांग की है।