पडरौना। हिन्दू युवा वाहिनी के गोरखपुर-बस्ती मंडल के संभाग प्रभारी के खाते से ही अपराधियों ने 55 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली है। जानकारी होने पर हियुवा नेता ने पडरौना कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी और सूचना तकनीकी अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पडरौना नगर के रामकोला रोड निवासी और हिंदू युवा वाहिनी के गोरखपुर-बस्ती मंडल संभाग प्रभारी राजेश्वर सिंह ने कोतवाली में तहरी- देकर बताया है कि उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की पडरौना शाखा में है। अपराधियों ने 17 से 25 अक्टूबर तक छह बशार में उनके खाते से 55 हजार रुपये की खरीदारी कर ली है। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना तकनीकी अधिनियम 2000 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में पडरौना के कोतवाल डॉ. विनय प्रकाश राय का कहना है कि यह साइबर क्राइम से जुड़ा मामला है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें लिप्त अपराधियों को पकड़ने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।