कुबेरस्थान (कुशीनगर)। पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के खिरिया टोला निवासी 35 वर्षीय युवक का शव बुधवार को दोपहर बाद तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव नकटहां बसडीला के एक बागीचे में मिला। युवक सुबह चचेरे भाई के साथ जटहां बाजार थाना क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकला था, लेकिन शव तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में मिलने से तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के खिरिया टोला निवासी 35 वर्षीय इलियास अंसारी बुधवार को सुबह करीब नौ बजे अपने चचेरे भाई रियासत के साथ बाइक से जटहा बाजार थाना क्षेत्र के गांव पटहेरिया अपनी बहन के घर जाने लिए निकले। कहा जा रहा है कि खिरकिया बाजार में इलियास ने चचेरे भाई से वापस पडरौना जाने की बात कही और उतर गए। दिन के करीब तीन बजे इलियास की मां के मोबाइल पर किसी ने इलियास के नंबर से ही सूचना दी कि उसकी मौत हो गई है और शव नकटहा बसडीला गांव के एक बगीचे में लावारिस पड़ा है। रोते बिलखते परिजन नकटहा बसडीला गांव के बगीचे में पहुंचे। तब तक गांव के लोगों ने भी तुर्कपट्टी पुलिस को बगीचे में शव पड़ा होने की सूचना दे दी थी। तुर्कपट्टी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक इलियास विदेश रहता था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। विदेश रहने के दौरान ही नकटहा बसडीला गांव निवासी एक व्यक्ति से उसकी दोस्ती हो गई। वह अपने उसी दोस्त के घर आता जाता रहता था। आशंका है कि इलियास अपने दोस्त के घर आया हो। घर वालों के बताने पर तुर्कपट्टी पुलिस इलियास के उस दोस्त को ढूढते हुए उसके घर तक गई लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
इस सम्बन्ध में एसओ तुर्कपट्टी नीरज शाही का कहना है कि मृत युवक के परिजनों की तरफ से घटना से संबंधित तहरीर नहीं मिली है। मामले की छानबीन चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के कारणों का पता चलेगा।