अंडरपास के नीचे जलजमाव में फंसी मैजिक
- फोटो : amar ujala
रामकोला। वक्त सुबह आठ बजे। परोरहा गांव का रेलवे अंडर पास। 12 स्कूली बच्चों को मैजिक लेकर जा रहे चालक को लोगों ने अंडर पास के नीचे से होकर जाने से मना किया। लोगों को बातोें को न मानते हुए भी चालक ने अंडरपास से होकर जाने की कोशिश की। नतीजतन मैजिक अंडरपास में जमा बारिश के पानी में बीच जाकर बंद हो गई। फिर क्या था बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के युवक पानी में घुसे और धक्का देकर मैजिक को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में और मैजिक को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार रात और शनिवार को बारिश से परोरहा गांव का रेलवे अंडर पास में करीब साढ़े तीन फीट तक पानी जमा हो गया है। सोमवार को कप्तानगंज के एक निजी स्कूल की मैजिक 12 बच्चों को लेकर इस ओर जा रही थी। प्रधान दिनेश ने बताया कि उन्होंने और कुछ अन्य लोगों ने पानी जमा होने का हवाला देकर रास्ता बंद होना बताया। बावजूद चालक ने इस ओर से जाने की कोशिश की। पानी में जाते ही मैजिक बंद हो गई। डर के मारे बच्चे चिल्लाने लगे। बड़े बच्चे वैन की छत पर चढ़ गए। कुछ बहादुुुर युवकों ने पानी में घुस कर छोटे बच्चों को भी मैजिक की छत पर बैठाया और वाहन को बाहर निकलाया। मैजिक में कक्षा छह के हिमांशु चौधरी, कक्षा पांच के प्रियांसु कुमार, कक्षा चार के शुभम कुमार व अफसाद अहमद, कक्षा दो के अफसाहिल अहमद, सुल्तान, अलसाना, वैभव कुशवाहा, अभिषेक आदि शामिल थे। बच्चों ने भी बताया कि चालक ने लोगों की बात नहीं मानी। सूचना पर अभिभावक पहुंचे और पाल्यों को घर ले गए। अभिभावकों ने इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से करने की बात कही।
सूचना पर एसडीएम अनवर रशीद सिद्दीकी और रामकोला एसओ संजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। एसओ ने बताया कि कप्तानगंज स्थित एनएएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की मैजिक थी। चालक ने अपना नाम जितेंद्र कुमार बताया है। वाहन को कब्जे मेें ले लिया गया है, उसे सीज किया जाएगा। वहीं चालक पर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई होगी।