करंट से व्यवसायी की मौत, पत्नी गंभीर
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के पड़री गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
पड़रौना। कोतवाली क्षेत्र के पड़री गांव में बृहस्पतिवार सुबह बीज व्यवसायी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। पति को छटपटाते देख उसकी पत्नी दौड़ी तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। पति-पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी का इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद से दंपती के चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
40 वर्षीय पड़री निवासी श्रवण कुशवाहा गांव के ही निकट स्थित बरवा चौराहे पर मकान बनवाकर रहते थे। वह अपने घर के बाहरी हिस्से में बीज की दुकान चलाते थे। इसी से परिवार का खर्च चलता था। श्रवण के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि घर में लोहे के चैनल के बीच से बिजली का केबल बोर्ड में जोड़ा गया है। आने-जाने के लिए चैनल बार-बार खोलने और बंद करने के कारण केबल कट गया था।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे श्रवण घर का चैनल खोलने के लिए जैसे ही हाथ लगाए, करंट की चपेट में आ गए। जमीन पर गिरकर तड़पते श्रवण की चीख सुनकर उनकी पत्नी राजदेई बचाने पहुंचीं तो वह भी करंट की जद में आ गईं। यह देख घर के अंदर से बच्चे निकले और शोर मचाने लगे। इस घटना का पता पड़ोस के लोगों को चला तो दौड़कर पहुंचे। आनन-फानन में दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने श्रवण को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसी राजदेई का इलाज चल रहा है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचे श्रवण के 14 वर्षीय पुत्र नितिन, 12 वर्षीय पुत्री चंदा और 11 वर्षीय जूही और छह वर्षीय छोटे बेटे का रो-रोकर बुरा हाल था। साथ में आए लोग बच्चों को ढांढस बंधा रहे थे।
कोतवाल मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि दंपती के झुलसने की जानकारी होने पर मातहतों के साथ पहुंचे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।