तीन घरों से करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी
बसडीला पांडेय तथा अमवा दुबे गांव में हुईं घटनाएं
ईंट-भट्ठों के दस मजदूरों को थाने लाकर पुलिस कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
तुर्कपट्टी। बसडीला पांडेय तथा अमवा दुबे गांव के तीन घरों से शनिवार की रात करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। रविवार सुबह पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले दस मजदूरों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
शनिवार को बसडीला पांडेय निवासी रामप्रवेश के घर के लोग छत पर सोए थे। वह सुबह उठे तो खिड़की टूटी थी तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। सोने के चार कंगन, हार, अंगूठी, कीमती कपड़े आदि गायब थे। दो सूटकेश तथा एक बाक्स दो सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला।
इसी गांव से सटे अमवा दुबे में चोरों ने जहांगीर के घर में बाक्स का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये, चार सेट सोने के आभूषण, कपड़े आदि चुरा लिया। पड़ोसी जमरुद्दीन के घर से हजारों रुपये के गहने, कपड़े आदि उठा ले गए। दोनों घरों में चोर पीछे के रास्ते से दरवाजे की कुंडी तोड़कर घुसे थे।
ग्रामीणों की सुनते तो पकड़े जाते चोर
शनिवार की शाम महुअवा कारखाना गांव में रात नौ बजे डीसीएम से पांच लोगों को उतरते देखा गया। इन संदिग्ध लोगों को देखकर बाहर निकले लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पांचों संदिग्ध रावतपार गांव की तरफ भाग निकले। लोगों का कहना है कि पुलिस सक्रिय हुई होती तो चोरों को पकड़ने में सफलता मिल गई होती।