कसया। नगर के एक होटल में बृहस्पतिवार की शाम एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। युवती अपने गांव के रहने वाले एक युवक के साथ होटल में आई थी। वैसे पुलिस प्रथम दृष्टया गला दबाकर युवती की हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। इध युवती के गांव का युवक और होटल मालिक फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
बताया जा रहा है कि नगर के गोला बाजार स्थित इस होटल में युवक और युवती बृहस्पतिवार की दोपहर में आकर ठहरे थे। युवक के आधार कार्ड पर होटल प्रबंधन ने कमरा दे दिया। दो घंटे बाद युवक चाय लाने की बात कहकर बाहर निकला। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर होटल के कर्मचारियों को शक हुआ।
कमरे में जाकर देखा तो बिस्तर पर युवती की लाश पड़ी थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची और कमरे को फोरेंसिक जांच के लिए सीज कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर एसपी नार्थ गौरव बंशवाल ने निरीक्षण किया। एसओ अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला कि युवती का नाम श्वेता पुत्री मनोज कुमार निवासी लछिया देवरिया थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर है।
युवती के साथ आए युवक की आपस में नजदीकी रिश्ता था। प्रथम दृष्टया दुपट्टा से गला दबाकर युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवती के साथ आया युवक फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। वैसे फरार युवक की तलाश की जा रही है।