मथौली बाजार। कप्तानगंज-सिकटा मार्ग पर खभराभार गांव के अगली टोला के समीप शनिवार की शाम करीब छह बजे टेंपो की चपेट से बाइकसवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी कप्तानगंज भेजवाया, जहां डॉक्टर ने बाइकसवार को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को थाने भेजा। दुर्घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर भाग निकला।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कप्तानगंज-सिकटा मार्ग पर खभराभार गांव के अगली टोला के समीप कप्तानगंज की ओर जा रहे टेंपो की चपेट में विपरीत दिशा से आ रही बाइक आ गई। बाइकसवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कप्तानगंज एसओ शैलेश सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। टेंपो को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।