लक्ष्मीगंज। रामकोला थाना क्षेत्र के दीउलिहा मनिया छपरा में शनिवार शाम को क्षेत्रीय वन अधिकारी अमरजीत प्रसाद ने छापा डालकर एक व्यक्ति को 18 बोटा आम की लकड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी अमरजीत प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह गांव पहुंचे। मौके से गांव निवासी रामप्रीत को 18 बोटा लकड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस दौरान वन विभाग के दिवाकर यादव, ओमप्रकाश शाही, संतोष कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
अवैध बालू लदी तीन नावों को नदी में डुबोया
रामकोला। कप्तानगंज और रामकोला क्षेत्र के बीच में छोटी गंडक से अवैध बालू खनन की शिकायत के बाद खनन अधिकारी ने तीन नावों पर लदा बालू पकड़ा। तीनों नावों को नदी में डुबो दिया गया। खनन अधिकारी शिव दयाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान छोटी गंडक में तीन नावों पर अवैध बालू लदा पाया गया। उन्हें देख कर मजदूर नाव छोड़कर नदी में कूद कर भाग निकले। बालू लदी नाव को नदी में डुबो दिया गया। अवैध खनन करते पकड़े जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट करने का आरोप
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव ढ़ोरही निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी अमित कुशवाहा ने एसओ को तहरीर देकर बताया है कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे गांव के ही कुछ लोग उनका पुआल जलाने लगे। परिजनों ने जब विरोध जताया, तो उन लोगों ने उनके परिजनों के साथ मारपीट की।
खनन निरीक्षक ने अवैध बालू घाटों पर छापा मारा
मथौली बाजार। मोतीचक क्षेत्र अंतर्गत छोटी गंडक नदी के किनारे अवैध बालू घाटों पर शनिवार को खनन निरीक्षक ने छापा मारा। उनके पहुंचते ही बालू खनन में शामिल लोग वहां से भाग निकले। अथरहां में उन्होंने बालू लदी नाव एक को तोड़वाकर डुबो दिया।
खनन निरीक्षक शिवदयाल सिंह ने अकटहां, मुड़िला हरपुर व अथरहा में अपने सहयोगियों के साथ छापा मारा। उन्होंने बताया कि अथरहां में एक नाव मिली, जिसे तोड़कर नदी में डुबोया गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उनके साथ संजय कुमार शुक्ला व पारस प्रसाद भी उपस्थित थे।