कुशीनगर। सेवरही थाना क्षेत्र के गौरी जगदीश गांव से दो वर्षीय बालक बुधवार की रात से लापता है। मां के पास सो रहे बालक के गायब होने के इस मामले में परिवार के लोग गांव के दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार को तमकुहीराज के विधायक पीड़ित परिवारीजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे, तब यह मामला मीडिया में आया। सेवरही पुलिस मामले को पूर्व में हुए एक विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि इस मामले में अपहरण का केस दर्ज कर एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ग्राम सभा गौरी जगदीश निवासी भेसनाथ के अनुसार बुधवार की रात वे पड़ोस में एक तिलक समारोह में गए थे। उनकी पत्नी हिरावंती देवी अपने तीन बच्चों के साथ छत पर सो रही थीं। गांव के दो युवक छत पर चढ़ गए और मां के बगल में सो रहे दो वर्षीय पुत्र जय को लेकर भागने लगे। आहट सुनकर हिरावंती की नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाया। गांव के लोग जुटे और अपहरण की सूचना 100 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस तथा गांव के लोगों ने काफी देर तक बच्चे की खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू पीड़ित परिवार से मिलने गौर जगदीश गांव पहुंचे। विधायक ने घरवालों से मामले की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस अफसरों से फोन पर बात कर बच्चे की सकुशल वापसी और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। बताया जा रहा है कि गायब बच्चे के पिता और एक आरोपी युवक के बीच करीब आठ माह पहले लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
इस संबंध में सेवरही एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है तथा दूसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस की पहली प्राथमिकता बच्चे की सकुशल वापसी है। जल्दी ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।