कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केंद्र कुशीनगर में बुधवार को बुद्ध मंदिर मार्ग से प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय की अगुवाई में टीम ने कब्जा हटवाया और रास्ता खाली कराया। वैसे दुकानदारों ने मंगलवार से ही बुद्ध द्वार से रामाभार स्तूप तक सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया था। थोड़ा बहुत अतिक्रमण था, उसे बुधवार को हटवा दिया गया।
रामाभर स्तूप के सामने धर्मशाला परिसर में हुए अतिक्रमण को साफ कराया गया। कर्मचारियों ने जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली के माध्यम से मलबा हटवाया। वही एक गरीब महिला दुकानदार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने यह कहते हुए आर्थिक मदद भी दी कि भविष्य में वह यहां दुकान नहीं लगाएगी। स्तूप के निकट नपा कर्मचारियों का विरोध करने पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
प्रशासन ने पटरी व्यवसायियों एवं दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया था। तीन नवंबर तक नपा ने अल्टीमेटम दिया था। पुन: विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी की पहल पर एक मौका देते हुए खुद विधायक और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने 10 नवंबर को मंदिर मार्ग पर पैदल चलकर अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया था।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टूरिस्ट पुलिस से इसकी मॉनिटरिंग कराई जाएगी। शीघ्र ही इनके पुनर्वास की व्यवस्था होगी। इस दौरान ईओ प्रेमशंकर गुप्त, सीओ ओमपाल सिंह, एसएचओ शैलेश कुमार सिंह, मुकेश कुमार मिश्रा, बृजेश मणि त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, दिनेश कुमार गोंड, श्रवण कुमार तिवारी, राधेश्याम सिंह आदि मौजूद रहे।
एनएच की भूमि का हुआ सीमांकन
तमकुहीराज। एसडीएम तमकुहीराज की अगुवाई में एनएचएआई के कर्मचारियों ने बुधवार को तमकुहीराज ओवरब्रिज चौराहे से बिहार बार्डर तक एनएच पर अतिक्रमण की गई भूमि का सीमांकन किया गया। एसडीएम ने अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किए जाने का निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिया।
एसडीएम प्रमोद कुमार व हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारियों ने तमकुहीराज ओवरब्रिज चौराहे पर एनएच की भूमि का सीमांकन किया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानें हाईवे की भूमि में पाई र्गइं। अवैध अतिक्रमण को लेकर एसडीएम व एनएचएआई के अधिकारी काफी नाराज दिखें। एसडीएम ने फोरलेन की भूमि पर दुकान चलाने वाले लोगों को तत्काल अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी और एनएचएआई के अधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।