आरोपी नंदोई भेजा गया जेल, धड़ की तलाश में जुटी पुलिस
विशुनपुरा गांव में दविका की हत्या का मामला
खड्डा। क्षेत्र के विशुनपुरा गांव की देविका की हत्या के मामले में आरोपी नंदोई दुर्गेश को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि बरामद सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूरे दिन पुलिस की टीमें धड़ की तलाश में गोताखोरों की मदद से जुटी रही। पुलिस हत्यारे पति व सास-ससुर की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव की दो बच्चों की मां देविका को घर के अंदर पति व सास ससुर ने चरित्र दागदार होने का झूठा आरोप लगाकर गड़ासे से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। जबकि लाश छुपाने में सहयोगी नंदोइ दुर्गेश को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। जबकि आधा दर्जन गोताखोरों की टीम पुलिस के साथ नहर में धड़ की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के आरोपी पति श्रीनिवास, ससुर राम बहाल व सास शीला देवी फरार चल रही हैं। इनके नेपाल में छुपने की आशंका पर भी पुलिस काम कर रही है।
बगल के कमरे में सोए थे मासूम और हत्यारों ने कर दी मां की हत्या
जिन हाथों ने पत्नी की निर्मम हत्या की, उन्हीं के साथ अबोध दोनों बच्चो की मौजूदगी से उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ गया है। मासूमों को क्या पता था कि सिर से मां का आंचल छीन जाएगा। दुर्गेश के मुताबिक जिस समय कमरे में देवकी की निर्मम हत्या की जा रही थी, उस समय तीन व डेढ़ साल के दोनों बच्चे बगल के कमरे में सोए हुए थे। सुबह हुई तो बच्चे मां को याद कर रोने लगे थे, लेकिन हत्यारे नाना के यहां जाने का झूठा दिलासा देकर बच्चों को चुप कराते थे और जब पर्दाफाश हुआ तो बच्चों को साथ लेकर फरार हो गए।