फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क जाम करने वालों पर पुलिस ने भांजी लाठियां, एक व्यक्ति घायल

Sun, 23 Sep 2018 11:12 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
रामकोला कस्बा में धरना दे रहे उर्दहा गांव के लोगों पर पुलिस के लाठी चार्ज में घायल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रामकोला। थाना क्षेत्र के उर्दहां गांव की छह दिनों से गायब 30 वर्षीय महिला का पता न चलने से नाराज गांववालों ने रविवार को पुलिस के खिलाफ रामकोला चौराहे को जाम कर दिया। ये लोग महिला के अपहरण के बाद हत्या किए जाने की आशंका जता रहे थे। साथ ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे।

 

रामकोला विधायक सहित एएसपी व एसडीएम ने पहुंचकर जाम समाप्त कराया। उसी दौरान कुछ लोगों ने पुन: धरना पर बैठने की कोशिश की, जिस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें लाठी लेकर दौड़ा दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने कुछ लोगों पर लाठियां भी भांजी। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में 30 नामजद और 150 अज्ञात व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया है।

विज्ञापन

उर्दहां निवासी रामभवन की पत्नी सुनीता (30) सोमवार की रात में गांव के बाहर शिवचर्चा सुनने गई थी, उसी रात से वह गायब है। उसका कहीं पता न चलने पर सास सोनकली ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें जमीन के विवाद को लेकर सुनीता का अपहरण और हत्या करने का आरोप लगाया गया था।
 

पुलिस ने खोजबीन की, उसके दो दिन बाद गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन सुनीता का पता न चलने पर रविवार को गांव के लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर रामकोला में सड़क जाम कर दिया। पडरौना आ रहे विधायक रामानंद बौद्ध ने सबकी बातें सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई कराने के लिए आश्वासन दिलाकर जाम समाप्त कराया, तब तक कुछ लोग फिर से वहां जाम करने लगे। इस पर मौके पर मौजूद पीएसी व पुलिस के जवानों ने डंडा लेकर उन्हें दौड़ा लिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिसकर्मियों ने लाठियां भी भांजीं, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे पुलिसकर्मियों ने जिला अस्पताल भेजा।

विज्ञापन

इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया तथा एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस पर पथराव करने, सड़क जाम और पुलिस के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में एसआई 30 नामजद और 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी हरिगोविंद मिश्र ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हो गया है तथा एक आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला के मोबाइल का काल डिटेल खंगालर जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें