बाइक सवार को मारपीट कर 50 हजार लूटा
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। कोतवाली क्षेत्र के दो स्थानों पर अज्ञात युवकों ने बाइक सवार युवकों को रोककर मारापीटा। एक युवक से 50 हजार रुपये लूट लिए जबकि दूसरे युवक को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लूट वाली घटना में दूसरे पक्ष ने पीटे युवक पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कंठीपुर निवासी शंकर पुत्र रामराज ने बताया शनिवार की देर शाम बाइक से गांव लौट रहा था। सपहा गांव के पास पहुंचते ही आधा दर्जन युवकों ने सड़क पर खड़े होकर बाइक रोकी और गाली देकर डंडों से उसे पीटने लगे। उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये छीनकर भाग गए। घायल ने फोन कर घटना की जानकारी परिजनों को दी इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर दूसरे पक्ष के कंठीपुर निवासी अर्जुन ने पीटे युवक शंकर पर आरोप लगाया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते उनके भाइयों को रास्ते में गाली दी। इसके बाद मारपीट करने लगा। दोनों पक्षों से मारपीट हुई है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसके अलावा शंकर बाजार निवासी जतिन मिश्रा ने बताया कि शनिवार की रात उसे हाईवे पर मंदाकिनी पुल के पास शंकर बाजार के तीन युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते लात घूंसों व चाकू से हमला कर घायल कर दिया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों ने तीनों युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि पहले भी यही युवक उसे जनसेवा इंटर कालेज के पीछे खटकाना मोहल्ले में मारपीट चुके हैं।