11 मार्च को पडरौना के उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में होने वाली मतगणना के लिए मतगणनाकर्मियों को सोमवार के दिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान डीएम, सीडीओ और डीडीओ सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
डीएम शम्भु कुमार ने जिले की सात विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। इन दो पालियों के प्रशिक्षण में करीब 500 मतगणनाकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में मौजूद सीडीओ केदारनाथ सिंह और एडीएम कृष्णलाल तिवारी ने भी मतगणनाकर्मियों को जरूरी टिप्स दिए।
प्रशिक्षक जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र यादव ने मतगणनाकर्मियों को मतगणना के दौरान ध्यान देने योग्य जरूरी बातें बताईं। उन्होंने कहा कि ईवीएम आने के बाद पते की पर्ची से मतपत्र का मिलान जरूर कर लें। वहीं, टोटल का बटन दबाकर देख लें कि अंकित आंकड़े से मेल हो रहा है कि नहीं। अभिकर्ताओं की संतुष्टि के बाद ही मतगणना प्रारंभ की जानी है। मतगणना की शीट दो प्रतियों में बनाई जानी है। उनमें से एक प्रति तुरंत आरओ के टेबल पर भेज देनी जरूरी है। उन्होंने बताया कि सभी मतगणनाकर्मियों का परिचय पत्र नौ फरवरी को बनेगा। सुबह छह बजे सभी को पहुंचना होगा।
उन्होंने कहा कि मतगणना के समय काउंटिंग सुपरवाइजर, माइक्रो आब्जार्वर, काउंटिंग सहायक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। प्रशिक्षण के दौरान तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा, अपर अर्थ एवं संख्याधिकारी परशुराम, बीडीओ सुरेंद्र प्रसाद, प्रभाशंकर चौबे, अरुण कुमार यादव, बीईओ अजय तिवारी, धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।