-बभनौली मंदिर के पास लोहे की रॉड से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
-पांच लोगों पर साजिश रचने और हमला कराने का लगाया आरोप
कप्तानगंज। अदालत में गवाही देने से नाराज लोगों ने भाजपा के मनोनीत सभासद राधेश्याम पासवान पर बुधवार शाम बभनौली मंदिर के पास लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पांच लोगों पर साजिश रचने और हमला कराने का आरोप लगाया है।
रामकोला थाना क्षेत्र के रामपुर बगहा टोला मोहन छपरा निवासी राधेश्याम पासवान कप्तानगंज नगर पंचायत के मनोनीत सभासद हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि कुछ दिन पहले न्यायालय में कप्तानगंज के व्यक्ति के मुकदमे में गवाही दी थी। आरोप है कि इसी बात को दूसरे पक्ष के लोग नाराज थे। इसी रंजिश में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे कप्तानगंज कस्बे से घर लौटते समय राधेश्याम को बभनौली मंदिर के सामने आरोपियों ने घेर लिया।
अभी वह कुछ समझ पाते कि आरोपी लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपी। उन्होंने तीन साजिशकर्ताओं समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है।
कप्तानगंज के थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि एक मुकदमे में उन्होंने अदालत में गवाही दी है। इससे नाराज होकर आरोपियों ने हमला किया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।