किसानों की मांग पूरी, गड़ौरा मिल को केंद्र दिए जाने से थे नाराज
खड्डा। गंडक नदी पार रेता क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक विवेकानंद पांडेय और गन्ना समिति अध्यक्ष सुप्रियमय मालवीय के प्रयासों से चालू पेराई सत्र में क्षेत्र के सभी गन्ना क्रय केंद्र आईपीएल खड्डा चीनी मिल को आवंटित कर दिए गए हैं। इससे किसानों को तौल और भुगतान में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पिछले कुछ वर्षों से रेता क्षेत्र के कई केंद्र गड़ौरा चीनी मिल से जुड़े थे। किसानों का आरोप था कि वहां गन्ने की तौल समय पर नहीं होती थी और भुगतान में भी देरी होती थी। इसी वजह से वे लंबे समय से केंद्रों को खड्डा चीनी मिल से जोड़ने की मांग कर रहे थे। जारी आवंटन आदेश के अनुसार बालगोविंद छपरा, सोहगीबरवा, शिवपुर और हरिहरपुर क्रय केंद्र अब आईपीएल खड्डा चीनी मिल के लिए सुरक्षित रहेंगे। इन केंद्रों से जुड़े किसानों को अपनी उपज की तौल के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
गन्ना समिति के अध्यक्ष सुप्रीयमय मालवीय ने निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसान संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि रेता क्षेत्र के किसानों को बड़ी सहूलियत होगी।