कंटेनर से हुई दुर्घटना में मृतक सुभाष पांडेय की रोती मां मंजू देवी ।संवाद
लोगों ने पीछा कर चालक को दबोचा, पुलिस बोली-नशे में था
रामकोला (कुशीनगर)। पडरौना-कप्तानगंज मार्ग पर शुक्रवार शाम एक कंटेनर दस किमी तक मौत बनकर दौड़ा। कंटेनर की चपेट में आने से एक साइकिल सवार किशोर और अलग-अलग दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। इस दौरान करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी मची रही।
लोगों ने पीछाकर कंटेनर चालक को पकड़ा और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पिटाई से घायल आजमगढ़ निवासी कंटेनर चालक का पुलिस कस्टडी में सीएचसी में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि वह नशे में था।
जानकारी के अनुसार, जटहा थाना क्षेत्र के सोनवल निवासी मोतीलाल यादव (36) शाम करीब चार बजे बाइक से अपने घर जा रहे थे। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के सामने तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद भी कंटेनर चालक रुका नहीं। कुछ दूर आगे उसने रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर के समीप साइकिल से अपनी बहन के घर गोबरही जा रहे चंद्रेश राजभर (15) निवासी धनौजी खास को कुचल दिया। किशोर ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद कंटेनर चालक ने रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर गोबरही चौराहे पर रामबर बुजुर्ग गांव निवासी सुभाष पांडेय (28) की बाइक में टक्कर मार दी। बाइक कंटेनर में फंसकर करीब 15 मीटर तक घिसटती रही। इस हादसे में सुभाष की भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख गांव वालों की भीड़ जुट गई। इसके बाद कुछ लोगों ने मौत बनकर दौड़ रहे कंटेनर का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
कंटेनर से हुई दुर्घटना में मृतक सुभाष पांडेय की रोती मां मंजू देवी ।संवाद