सुकरौली। कस्बे में बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एम्स रेफर कर दिया।
घायल चालक की पहचान असम निवासी मोहम्मद अजान के रूप में हुई है। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे तेज रफ्तार में आ रहा कंटेनर समय रहते नहीं रुक सका और ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।