मथौली। कस्बे के वार्ड संख्या-16, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर (घिवहीं) में रविवार को सड़क और भूमिगत नाली का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस निर्माण कार्य पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रविवार को चेयरमैन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य शुरू कराया।
कस्बा के सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर स्थित रामजानकी मंदिर से दूधनाथ यादव के घर तक बनी सड़क काफी दिनों से बदहाल थी। सड़क किनारे बनी नाली भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे लोगाें के घर से निकला गंदा पानी सड़क पर पसरा रहता था। इससे इस रास्ते आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। बरसात के दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती थी। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए मोहल्ले के लोग काफी समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग कर रहे थे। लोगों की इस समस्या को देखते हुए नगर पंचायत की तरफ से सड़क और नाली निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन की स्वीकृति के बाद रविवार को चेयरमैन नवरंग सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य शुरू करा दिया। चेयरमैन ने कहा कि सीसी सड़क और भूमिगत नाली निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य पूरा हाेने के बाद लोगों को आवागमन में सहुलियत के साथ जलनिकासी की परेशानी से निजात मिलेगी।
इस दौरान रामा सिंह, दूधनाथ यादव, रामप्रकार सिंह, सीपीएन सिंह, कन्हैया यादव, दुर्गेश सिंह, मनीष सिंह, अर्जुन गुप्ता, अखिलेश मल्ल, सतेंद्र सिंह, ताहिद अंसारी आदि मौजूद रहे।