रामकोला। विकासखंड के ग्राम पडरी में विकास का काम कराए बिना ही भुगतान का आरोप लगाकर गांव के ही क्षेत्र पंचायत सदस्य ने जिलाधिकारी को नोटरी शपथ पत्र देकर जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जो विदेश में हैं उनके नाम से भी पैसा निकाल लिया गया है तथा नाली के निर्माण में धांधली करने के अलावा स्कूल में डेस्क-बेंच की खरीदारी भी नहीं की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत सहायक जनपद महाराजगंज में निजी कंपनी में कार्य करता है। पंचायत भवन पर उपस्थित नहीं रहता है। इससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नूर मोहम्मद ने बताया कि गांव में रहे ग्राम पंचायत सचिव राजेश यादव ने एक महीने के कार्यकाल विभिन्न योजनाओं के नाम पर 10,86,000 रुपये निकाल लिए। वहीं मुंबई, दिल्ली व विदेश में रहने वाले लोगों को मजदूरी का भुगतान कर दिया गया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शैलेश कुशवाहा ने बताया कि आरोप निराधार हैं। जो विदेश की बात चल रही है वह भी निराधार है। गांव में जो काम हुआ है, उसका भुगतान किया गया है। स्कूल में डेस्क-बेंच लगे हैं। विकास कार्यों में बाधा डालना शिकायतकर्ता का काम है।