तमकुहीराज। ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनियों की मनमानी से उपभोक्ता परेशान हैं। ये कंपनियां लोगों का सामान घर तक सुरक्षित पहुंचाने का दावा करती हैं, होम डिलेवरी के लिए निर्धारित शुल्क भी वसूलती हैं, लेकिन निर्धारित पते पर सामान पहुंचाने में आनाकानी करती हैं। होम डिलेवरी के चिन्हित सर्विस फर्म के कर्मचारी मनमानी करते हैं। शिकायत दर्ज कराने के बाद उपभोक्ताओं से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर डराते-धमकाते हैं।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवही दयाल निवासी सुजीत सिंह ने नेबूलाइजर मशीन की ऑन लाइन बुकिंग 19 मई को 11 सौ रुपये के भुगतान के साथ किया। ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी से 26 मई को बुकिंग का सामान घर भेजने का नोटिफिकेशन भेजा गया। 26 मई के शाम को सेवरही कस्बा स्थित कूरियर सर्विस प्रोवाइडर डिलीवरी के कर्मचारी ने सुजीत सिंह से संपर्क कर घर से करीब पांच किलोमीटर दूर घघवा बाजार बुलाया। घर पहुंचाने का आग्रह करने पर कर्मचारी भड़क गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत उपभोक्ता फ़ोरम व मुख्यमंत्री जनशिकायत पोर्टल पर कार्रवाई की मांग की है।