हाटा में सर्विस लेन पर जमा बरसात का पानी।
हाटा। बाघनाथ और केन यूनियन चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए बनाई जा रही अधूरी सर्विस लेन पर जलभराव से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी पूरी सड़क पर जमा है। गड्ढों और बिखरी गिट्टियों के बीच से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को हादसे का खतरा सता रहा है। बाघनाथ और केन यूनियन चौराहे के बीच सर्विस लेन की हालत बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने से यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि कहां गड्ढा है और कहां सड़क समतल है। दोपहिया वाहन चालक पानी के बीच से संभलकर निकलने को मजबूर हैं। कई जगह सड़क पर कीचड़ और निर्माण सामग्री बिखरी होने से वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। बड़े वाहनों के गुजरने पर पानी दुकानों और आसपास के भवनों के सामने तक पहुंच रहा है।
दरअसल, बाघनाथ और केन यूनियन चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए सर्विस लेन चौड़ी करने के उद्देश्य से सड़क किनारे स्थित कई भवनों को तोड़ा गया था। योजना थी कि निर्माण के दौरान यातायात का दबाव सर्विस लेन पर रखा जाएगा, जिससे मुख्य लेन पर काम कराया जा सके। लेकिन सर्विस लेन का निर्माण पूरा होने से पहले ही मुख्य लेन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया और यातायात को अधूरी सर्विस लेन पर डायवर्ट कर दिया गया।
इस दौरान जलनिकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजतन, बारिश होते ही पानी सड़क पर जमा हो जाता है। निकासी का रास्ता नहीं होने से जलभराव लंबे समय तक बना रहता है। वाहन चालकों को पानी के बीच से रास्ता तलाशना पड़ता है। वाहनों की गति धीमी होने से जाम भी लग रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाली से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर भरे पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देते। एनएचएआई के साइट इंजीनियर चिन्मय दुबे ने बताया कि बारिश के चलते सर्विस लेन पर पानी भर गया है। नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए ठेकेदार को पत्र भी लिखा गया है।