कसया। नगर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय बैरिया में कक्षा तीन की एक छात्रा गर्मी की वजह से बेहोश हो गई। प्रधानाध्यापिका ने तत्काल परिजनों को बुलाकर छात्रा को अस्पताल भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने इलाज कर घर भेज दिया।
बैरिया गांव निवासी दिलशाना खातून पुत्री हसनैन अंसारी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा है। बृहस्पतिवार को वह स्कूल में पढ़ने गई थी। करीब साढ़े दस बजे छात्रा गर्मी की वजह से बेहोश होकर गिर गई। जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। प्रधानाध्यापिका सुनीता सिंह ने तत्काल परिजनों को बुलाकर छात्रा को अस्पताल भिजवाया। वहां इलाज के बाद छात्रा की स्थित सामान्य हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी ज्यादा होने की वजह से बच्ची को चक्कर आ गया था, और कोई विशेष दिक्कत नहीं है। इस संबंध में बीईओ विजयपाल नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मुझे मामले की जानकारी नहीं है। पता करा रहा हूं।