वैक्सीन की कमी व मनमानी के कारण टीकाकरण केंद्रों पर मारपीट और तोड़फोड़
कुशीनगर। टीकाकरण केंद्रों पर कहीं वैक्सीन की कमी तो कहीं टीका लगाने में मनमानी का आरोप लगाकर लोग विरोध जताने लगे। यहां तक कि बुधवार को खड्डा क्षेत्र के एक टीकाकरण केंद्र पर लगातार दूसरे दिन भी मारपीट हुई जिसमें एक स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गया जबकि सुकरौली क्षेत्र के टीकाकरण केंद्र पर नाराज लोगों ने तोड़फोड़ की जिससे अस्पताल का गेट क्षतिग्रस्त हो गया।
सुकरौली प्रतिनिधि के अनुसार पंद्रह दिन पहले सुकरौली पीएचसी पर कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान महिला स्वास्थ्यकर्मियों से अभद्रता करने की बात को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों ने टीकाकरण बंद कर दिया था। आरोप था कि उन्हें प्रशासनिक सहयोग नहीं मिल रहा है। एक हफ्ता पहले जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट विहारी वर्मा ने सीएचसी का दौरा किया तो लोगों ने पुन: पीएचसी पर टीकाकरण करने की मांग की थी। मंत्री के आश्वासन के बाद डीएम के निर्देश पर टीकाकरण शुरू हो गया था। बुधवार की सुबह पांच सौ से अधिक की संख्या में लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोग बगैर लाइन में लगे टीकाकरण की बात पर स्वास्थ्यकर्मियों से उलझ गए। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। वैक्सीनेशन के दौरान सुरक्षा का इंतजाम पुलिस की ओर से नहीं किया गया था। वहीं, इस घटना में एक स्वास्थ्यकर्मी रामऔतार घायल हो गया। पीएचसी पर बार-बार इस तरह की घटना होने से अस्पताल और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
कोरोना टीम के प्रभारी डॉ. स्वप्निल श्रीवास्तव ने कहा कि कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। स्वास्थ्यकर्मी डरे-सहमे हैं। महिला स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर ध्यान दिया जाना जरूरी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हेमंत वर्मा ने कहा कि पीएचसी में तोड़फोड़ और हंगामे में एक स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गया है। प्रशासनिक मदद नहीं मिल पा रही है। टीकाकरण व्यवस्था को लेकर विभाग की ओर से उचित प्रबंध कराने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
टीकाकरण के दौरान हुए विवाद के चलते दूसरे दिन भी हुई मारपीट
खड्डा। थाना क्षेत्र के कुनेलीपट्टी गांव में मंगलवार को वैक्सीन लगाते समय गांव के दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस अभी छानबीन कर ही रही थी कि बुधवार की सुबह फिर मारपीट हो गई। एक पक्ष के राजन गुप्ता सुबह अपने किसी कार्य से जा रहे थे कि गांव के चौराहे पर फेकू गुप्ता की चाय की दुकान पर पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोग मारने-पीटने लगे। बीच बचाव करने पहुंचे चंद्रेश गुप्ता को घेरकर पीट दिया। घायल चंद्रेश किसी तरह दूसरे के घर में छिपकर जान बचाए। आरोप है कि हमलावर 12 की संख्या में थे। चंद्रेश गुप्ता के घर मे घुसकर गर्भवती महिला सहित चार महिलाओं के साथ मारपीट व छेड़छाड़ किया। मारपीट में दस लोग घायल हो गए। हमलावरों पर मोबाइल व पैसा उठा ले जाने का आरोप है। सूचना पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया। एक गर्भवती महिला सहित दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चंद्रेश ने पुलिस को तहरीर दे दी है। खड्डा थाने के एसओ आरके यादव का कहना है कि मंगलवार को हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें एक आरोपी मनु यादव को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को हुई घटना की छानबीन की जा रही है।