पिकअप से आए चोर, ले उड़े अंग्रेजी शराब
बगल के दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने पीछा किया पर हाथ नहीं आए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया बाजार स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने शराब और नकदी चुरा ले गए। अनुज्ञापी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनुज्ञापी रेनू सिंह की तरफ से बृहस्पतिवार को दी तहरीर देकर बताया गया कि बिक्री के 45 हजार रुपये कैश काउंटर में रखकर मुनीम ने निर्धारित समय पर दुकान बंद कर दी। मध्यरात्रि के आसपास तीन-चार लोग पिकअप से आए। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया। आवाज सुनकर जगे बगल के दुकानदार ने पूछा तो चोरों ने कहा दुकान के लोग हैं। इसके बाद दुकानदार सो गया। चोरों ने दुकान से कई पेटी शराब पिकअप पर लाद ली और कैशबॉक्स तोड़कर रुपये चुरा ले गए। कुछ देर बाद बगल के दुकानदार को संदेह हुआ तो वह दुकान पर पहुंचा। स्थिति देख उसने शोर मचाया। सूचना पर गश्त कर रही पुलिस ने चोरों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। तुर्कपट्टी थाने के एसओ जितेंद्र सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर जांच-पड़ताल की जा रही है। चोरों के कुछ सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।