घर में रखा आभूषण और नकदी उठा ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र कुकरहा गांव के तेलिया टोला में सोमवार की रात चोरी हुई। घर में रखा आभूषण, नकदी और कपड़ा चोर उठा ले गए। गृहस्वामी मंगलवार की भोर में जगे तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल मे जुटी है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कुकरहा गांव के तेलिया टोला निवासी विजय उपाध्याय सोमवार शाम परिजनों के साथ भोजन कर सो गए। मंगलवार की भोर करीब तीन बजे जगे और अपना मोबाइल खोजने लगे तो मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद घर की महिलाओं को जगाया तो देखा कि घर में रखा बाक्स गायब है। करीब 500 मीटर दूरी पर एक गन्ने के खेत में टूटा हुआ बाक्स मिला। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर गहने, नकदी, कपड़ा और दो मोबाइल फोन चुरा ले गए हैं। इसके अलावा उनके घर के बगल स्थित गुड्डी राजभर के घर में भी चोरी हुई। इनके घर से चोर टीवी, मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और नकदी उठा ले गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। इस संबंध में एसओ गिरजेश उपाध्याय ने कहा कि इस तरह की घटना संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।