हाटा। सर्पदंश से किशोर की मौत के बाद सीएचसी देवतहां में हुए बवाल और डॉक्टरों के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने शनिवार को 11 नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। घटना के बाद से कार्रवाई की मांग को लेकर स्वास्थ्यकर्मी सांकेतिक हड़ताल पर थे और काली पट्टी बांधकर काम कर रहे थे। पुलिस उपद्रवियों की पहचान सीएचसी पर लगे सीसी टीवी के फुटेज की मदद से पहचान कर ली है।
मंगलवार को अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी विजेंद्र सिंह के 13 वर्षीय पुत्र नितेश सिंह को मंगलवार को सांप ने डस लिया। परिजन उसे लेकर सीएचसी देवतहां पहुंचे। यहां से इलाज के बाद डाॅक्टरों ने गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। वहां जाने पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज परिजन शव लेकर सीएचसी पहुंचे और स्वास्थ्यकर्मियों पर नशे में इलाज कराने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पिटाई की थी।
सीएचसी देवतहां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हेमंत कुमार वर्मा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अभिमन्यु, प्रमोद सिंह, बलविंदर, गणेश, संजीत, अमन, दीपु, संजीव, आलोक, बंटी और शिव कुमार व कुछ अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बांधा डालने, तोड़फोड़ समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कसया सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष रूप से पुलिस विवेचना कर रही है। अस्पताल में लगे सीसी टीवी फुटेज की मदद से बवाल में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जाएगी।