- नेबुआ नौरंगिया ब्लाॅक सभागार में क्षेत्र पंचायत की हुई बैठक
- गहमा गहमी के बीच ब्लॉक सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत की खुली बैठक
कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लाॅक सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की खुली बैठक हुई। इसमें वन विभाग और जल निगम के अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर सदस्याें ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ सदन से निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक गहमागहमी के बीच हुई।
ब्लॉक प्रमुख बिंदु देवी की अध्यक्षता में हुई खुली बैठक को संबोधित करते हुए खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि पंचायतों के माध्यम से जमीनी स्तर पर गांव का विकास हो यही सभी प्रतिनिधियों का दायित्व है। गांव का विकास, गरीबों का आवास बने यह सरकार की मंशा है। डीसी मनरेगा राकेश कुमार ने महिलाओं के सशक्तीकरण की बात उठाई।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव ने सदस्यों की तरफ से उठाए गए मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया। बीडीओ आरके सेठ ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में शासन की तरफ दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए पात्रों के चयन करने के लिए कहा। बैठक में निशुल्क बोरिंग योजना पर बीडीसी रुदल जायसवाल ने 1500 रुपये की डीडी जमा करने के बावजूद भी बोरिंग नहीं होने की शिकायत की। प्रधानसंघ के जिलाध्यक्ष संतोष तिवारी ने विभाग के लोगों को इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने का मुद्दा उठाया। बैठक का संचालन प्रधान कमलेश पटेल ने किया।
इस दौरान सूरज गोविंद राव, डॉ. रामअधार राजभर, प्रधानसंघ के ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत शुक्ल, एपीओ अरविंद कुशवाहा, प्रधान सतेंद्र विश्वकर्मा, राजेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।