कमियां दूर नहीं होने पर बीडीओ को दी चेतावनी
सीडीओ ने दुदही ब्लाक कार्यालय व कोकिलपट्टी गांव का दौरा किया
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना(कुशीनगर )। सीडीओ ने सोमवार को विकास खंड दुदही का निरीक्षण किया। विकास खंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान पूर्व में बताई गई कमियां अब तक दूर नहीं होने पर नाराजगी जताई। इसके अलावा पांच माह से लंबित शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर आख्या भेजने का निर्देश दिया गया। कोकिलपट्टी गांव में भी निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को एक सप्ताह में दूर करने का निर्देश दिया गया। ब्लाक के निरीक्षण के दौरान सीडीओ अन्नपूर्णा गर्ग ने पिछले निरीक्षण में पाई गई कमियों से संबंधित जानकारी मांगी।
स्थापना रजिस्टर, संपत्ति की घोषणा संबंधी सूचना, जीपीएफ पासबुक अद्यतन रखने, अर्जित अवकाश लेखा आदि के कार्य अपूर्ण पाए गए जबकि इनको पूर्ण बताते हुए रिपोर्ट भेजी गई थी। इस पर सीडीओ ने बीडीओ को भविष्य में ऐसा दुबारा नहीं करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा पांच माह से लंबित शिकायतों का निस्तारण करते हुए आख्या प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधूरे प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास को अविलंब पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मनरेगा के अंतर्गत रिजेक्टेड ट्रांजेक्शन एवं विलंबित भुगतान को यथाशीघ्र सही कराने का निर्देश दिया गया। विकास खंड में निर्मित होने वाले 40 सामुदायिक शौचालयों को मानक एवं गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निर्मित कराने के निर्देश दिए गए। पेंशन के लाभार्थियों द्वारा किये गए आवेदन के सही रखरखाव के लिए विकास खंड स्तर पर रजिस्टर नहीं बनाए जाने को गंभीरता से लेते हुए रजिस्टर तैयार कराकर अवलोकित कराए जाने का निर्देश दिया गया।
सामुदायिक शौचालय को नए सिरे से बनवाने के निर्देश
दुदही। सीडीओ ने दुदही ब्लाक के ग्राम पंचायत कोकिल पट्टी का निरीक्षण किया। इस दौरान सोख्ता, रिबोर, पानी की टंकी, विद्यालय, व्यक्तिगत शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का स्थलीय सत्यापन किया गया। सत्यापन में पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री वाल, रैम्प, बरामदे का फर्श आदि खराब पाए गए। उपस्थित ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को कमियों को जल्दी ठीक कराने के निर्देश दिए गए। डीडीओ शेषनाथ चौहान, पीडी संजय पांडेय, अवर अभियंता आरईएस अफसर अली,ओमप्रकाश सिंह, अखिलेश सिंह, यशवंत सिंह,आदि मौजूद रहे।