सीसीटीवी कैमरे खराब, कैसे होगी निगरानी
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। शहर में आने - जाने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रमुख स्थलों पर लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। ऐसे में शहर में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
तकरीबन पांच वर्ष पूर्व पुलिस प्रशासन की तरफ से पडरौना नगर के कई प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनमें पडरौना नगर के कठकुइयां मोड़, सुभाष चौक और रोडवेज गेट पर लगाए गए कैमरों पर नियंत्रण सुभाष चौक स्थित पुलिस चौकी के जिम्मे है। इसी तरह कोतवाली परिसर में दो और गेट पर एक कैमरा लगाया गया है, जिनके जरिए वहां आने-जाने वालों पर नजर रखी जाती थी। इसके अलावा तिलक चौक पर भी एक कैमरा लगाया गया था ।कोतवाली और तिलक चौक पर लगाए गए कैमरे का संचालन कोतवाली से होता था। कुछ दिनों तक तो ये कैमरे ठीक ढंग से संचालित होते रहे, लेकिन बाद में खराबी आ जाने के कारण कई कैमरे बंद हो गए। इस संबंध में पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजयराज सिंह का कहना है कि सुभाष चौक, रोडवेज गेट और कठकुइयां मोड़ पर लगे कैमरे खराब हो गए हैं। इन्हें मरम्मत के लिए देवरिया भेजा गया है, जबकि इसकी एलईडी और अन्य सेटअप पुलिस चौकी में रखे हुए हैं। इसके अलावा कोतवाली परिसर और गेट पर लगे कुल तीन कैमरे व तिलक चौक पर लगा कैमरा काम कर रहा है। इनका संचालन कोतवाली से होता है। सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह का कहना है कि खराब कैमरों की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही उन्हें ठीक कराकर लगवा दिया जाएगा। सुरक्षा के मामले में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।