कसया। कुशीनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे दो उम्मीदवारों के खिलाफ कसया पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज किया है। इनमें से एक बसपा की घोषित उम्मीदवार तथा निर्वतमान चेयरमैन की पत्नी हैं तो दूसरी निर्दल उम्मीदवार। बसपा प्रत्याशी पर भीड़ जुटाने तथा निर्दल उम्मीदवार पर बिना अनुमति लिए गाड़ी पर पोस्टर चिपकाने का आरोप है।
कुशीनगर नगर पालिका चेयरमैन का पद पिछड़ी जाति की महिला के लिए आरक्षित है। बुधवार को निवर्तमान चेयरमैन मुकेश्वर उर्फ पप्पू मद्घेशिया की पत्नी इंदू देवी समर्थकों व कार्यकर्ताओं के साथ पर्चा दाखिल करने गई थीं। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल करने वाले ज्ञांती देवी की गाड़ी पर पोस्टर चिपका था। एसओ कसया गजेंद्र राय के अनुसार दोनों प्रत्याशियों की तरफ से आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया गया।
एसओ के अनुसार दोपहर बाद बसपा प्रत्याशी कसया-देवरिया मार्ग की तरफ से जुलूस की शक्ल में तहसील परिसर में नामांकन के लिए पहुंची थीं। इसके अलावा गांधी चौक पर एक वाहन पर निर्दलीय प्रत्याशी का पोस्टर बिना अनुमति लिए ही चिपकाया गया था। दोनों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टर लगी गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।